Share

Muri : बिजली संकट के खिलाफ आंदोलन तेज, 28 जून को सब स्टेशन में तालाबंदी का ऐलान

  • मुरी-सिल्ली के व्यवसायियों और ग्रामीणों की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मुरी : लगातार बनी हुई बिजली समस्या को लेकर मुरी-सिल्ली के व्यवसायियों एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार देर रात पुराना बुंडू रोड स्थित एक लॉज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विनय साहू ने की। बैठक में क्षेत्र की खराब विद्युत व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और इसके समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रखंड प्रशासन एवं पुलिस विभाग को प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी देने पर सहमति बनी।

इसे भी पढ़ें : Silli : चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए एसआईआर जरूरी – अमित महतो

27 जून को मशाल जुलूस, 28 जून को तालाबंदी

बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जून की संध्या को बिजली संकट के विरोध में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 28 जून को सिल्ली सब स्टेशन में तालाबंदी कर जनआक्रोश व्यक्त किया जाएगा। बैठक में समस्त सिल्ली प्रखंड के ग्रामीणों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई। विशेष रूप से महिला समितियों से भी तालाबंदी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया।

Leave a Comment

Manoharpur : खेत की जुताई के दौरान मिला बमनुमा विस्फोटक पदार्थ, इलाके में मचा हड़कंप, देखें वीडियो

सोनपोखरी गांव में ट्रैक्टर से जुताई के दौरान जमीन से निकली संदिग्ध वस्तु, पुलिस जांच में जुटी जेबी लाइव, रिपोर्टर

  • सोनपोखरी गांव में ट्रैक्टर से जुताई के दौरान जमीन से निकली संदिग्ध वस्तु, पुलिस जांच में जुटी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान बम जैसा संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे मदन हेम्ब्रोम के खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर दबा मेटल से बना एक संदिग्ध वस्तु बाहर निकल आया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बरामद वस्तु का वजन लगभग 30 किलोग्राम हो सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर मनोहरपुर में जलसहियाओं की बैठक

पुलिस को दी गई सूचना, लोगों से सतर्क रहने की अपील

बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक ने अनजाने में उक्त संदिग्ध वस्तु को जमीन से निकालकर खेत में रख दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। हालांकि, बरामद वस्तु किस प्रकार का विस्फोटक है और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाता था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक जैसी वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें तथा तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।

Jamshedpur : जमशेदपुर में 30 जून को राष्ट्रीय स्तर का ब्यूटी सेमिनार, विशेषज्ञ देंगे आधुनिक सौंदर्य तकनीकों का प्रशिक्षण

होटल विवांता में होगा आयोजन, युवाओं और पेशेवरों को मिलेंगे करियर के नए अवसर जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर : सौंदर्य

  • होटल विवांता में होगा आयोजन, युवाओं और पेशेवरों को मिलेंगे करियर के नए अवसर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : सौंदर्य एवं फैशन उद्योग से जुड़े युवाओं और पेशेवरों के लिए शहर में 30 जून को राष्ट्रीय स्तर के ‘ब्यूटी सेमिनार’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम होटल विवांता में आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित ब्यूटी और मेकअप विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। आयोजक शिखा कुंडू एवं मुख्य वक्ता सत्यजीत सिंह राजपूत ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी ट्रेंड्स, एडवांस स्किन केयर, ब्राइडल मेकअप तकनीकों तथा आधुनिक हेयर स्टाइलिंग की विधाओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल कौशल विकास का मंच बनेगा, बल्कि युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर मनोहरपुर में जलसहियाओं की बैठक

लाइव मास्टर क्लास और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का मिलेगा अवसर

सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों को लाइव मास्टर क्लास, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और आधुनिक मेकअप तकनीकों का प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। विशेषज्ञ एडवांस मेकअप, इंटरनेशनल स्टाइल, स्किन ट्रीटमेंट और फैशन इंडस्ट्री के नवीनतम रुझानों पर विस्तृत जानकारी देंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। सेमिनार के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सीटें सीमित हैं। फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है। इस अवसर पर सुदीपा चटर्जी, रागिनी भूषण, मेनका गोप, ज्योति दास, नीलिमा दास, नेहा दास सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

Manoharpur : जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर मनोहरपुर में जलसहियाओं की बैठक

भू-जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर जेबी लाइव, रिपोर्टर मनोहरपुर : स्वच्छ

  • भू-जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : स्वच्छ भारत मिशन के तहत जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को पीएचडी विभाग परिसर में जलसहियाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड समन्वयक तथा प्रखंड की सभी जलसहियाओं ने भाग लिया। इस दौरान जल गुणवत्ता जांच, चापाकलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा गीले और सूखे कचरे के उचित प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अनुपयोगी प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उसे सुरक्षित रूप से एकत्र कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित करने की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित पेयजल के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण

जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

बैठक में घटते भू-जल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए पानी के दुरुपयोग को रोकने और जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने पर बल दिया गया। उपस्थित जलसहियाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जल बचाने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में पीएचडी विभाग के बड़ा बाबू मनोज सिंह, प्रखंड समन्वयक चंचल कुमार, जलसहिया मंजू देवी, रेखा देवी, सुभाषिणी देवी, पद्मा सिंह, शशि नायक, पुष्पा महतो सहित प्रखंड की सभी जलसहियाएं उपस्थित थीं।

Manoharpur : मनोहरपुर में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण

एसआईआर-2026 को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश जेबी लाइव, रिपोर्टर मनोहरपुर : मतदाता सूची के विशेष

  • एसआईआर-2026 को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मनोहरपुर प्रखंड-सह-अंचल सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्तिकुंज ने की। प्रशिक्षण के दौरान बीडीओ ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम तीन बार भ्रमण कर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने और गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संकलन करने का निर्देश दिया।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : पेपर लीक और बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य अंधकारमय, केंद्र सरकार जवाब दे – राकेश तिवारी

पारदर्शी और त्रुटिरहित पुनरीक्षण प्रक्रिया पर दिया गया जोर

प्रशिक्षण सत्र में पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मैपिंग, बिना मैपिंग वाले मतदाताओं, एएसडीडी सूची तथा प्रारूप मतदाता सूची से जुड़े प्रावधानों और दिशा-निर्देशों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी मतदाता का नाम उचित सुनवाई का अवसर दिए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। अधिकारियों ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शन्नी शेखर, श्रम पदाधिकारी अजय कुमार, बीएसओ अभिनाष चौहान, जनसेवक बसंत लागुरी सहित सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Chaibasa : पेपर लीक और बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य अंधकारमय, केंद्र सरकार जवाब दे – राकेश तिवारी

कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं पर उठाए सवाल जेबी लाइव, रिपोर्टर चाईबासा : पेपर लीक, परीक्षाओं

  • कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं पर उठाए सवाल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि देश के करोड़ों युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भविष्य संवारना चाहते हैं, लेकिन लगातार हो रही अनियमितताओं ने उनके सपनों पर गंभीर असर डाला है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। प्रेसवार्ता का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में किया गया।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, श्रद्धांजलि के साथ किया पौधारोपण

नीट और यूजीसी-नेट जैसी परीक्षाओं का किया उल्लेख

राकेश तिवारी ने कहा कि नीट, यूजीसी-नेट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताएं यह दर्शाती हैं कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में केंद्र सरकार विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं हो रही हैं। इससे शिक्षित युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की जरूरत है। कांग्रेस का मानना है कि परीक्षा और नियुक्ति प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नव नियुक्त 90 लोको पायलटों को आपदा प्रबंधन और फायर सेफ्टी का प्रशिक्षण

दोषियों पर कार्रवाई और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सभी रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, वरिष्ठ कांग्रेसी लाल बहादुर सिंह, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्नी देवगम तथा कार्यालय सचिव सुशील दास सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

Chaibasa : भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, श्रद्धांजलि के साथ किया पौधारोपण

गुटुसाईं में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने याद किए जनसंघ संस्थापक के योगदान जेबी लाइव, रिपोर्टर चाईबासा : भारतीय जनता

  • गुटुसाईं में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने याद किए जनसंघ संस्थापक के योगदान

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी चाईबासा नगर शक्ति केंद्र गुटुसाईं द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी हर्ष रवानी एवं प्रताप कटियार महतो अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डिजिटल पोर्टल के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके विचारों तथा देशहित में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज और युवाओं को प्रेरित करते हैं।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नव नियुक्त 90 लोको पायलटों को आपदा प्रबंधन और फायर सेफ्टी का प्रशिक्षण

एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर संजय राम तूरी, अनमोल विश्वकर्मा, उज्जवल रक्षित, मणिकांत पोद्दार, अनूप प्रसाद, दुर्योधन पान, विकास खंडाईत, विकास कायम सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top