कपड़ा धोने और नहाने गई थी महिला, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित डीलियामार्चा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में लगभग 30 वर्षीय गर्भवती महिला जेमा तियू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका के बड़े भाई रेंगो देवगम ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे जेमा तियू गांव के तालाब में कपड़ा धोने और नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उस समय उसके तीन बच्चे और पड़ोस की एक महिला भी वहां मौजूद थे। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं निकली तो बच्चों और महिला ने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Goilkera : गोइलकेरा में सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत, ओडी कार और बाइक की टक्कर बनी जानलेवा
एक घंटे की तलाश के बाद मिली महिला, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पति रेंगो तियू भी तालाब पहुंचे। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से लगभग एक घंटे तक महिला की तलाश की, जिसके बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में टोटो के माध्यम से उसे तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।



























