जिला समाहरणालय परिसर से डीसी, डीडीसी और सिविल सर्जन ने संयुक्त रूप से किया रवाना
ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को मौसमी बीमारियों के प्रति सजग करेगा वाहन
जनस्वास्थ्य की रक्षा और मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण का लिया संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : मलेरिया एवं डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर से एक विशेष जनजागरूकता प्रचार रथ को रवाना किया गया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार तथा सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी ने संयुक्त रूप से इस रथ को हरी झंडी दिखाई। यह प्रचार रथ जिले के विभिन्न सुदूर प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, बीमारी के लक्षण दिखने पर समय पर जांच कराने एवं त्वरित उपचार प्राप्त करने जैसे आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि जनसहभागिता से बीमारियों की रोकथाम हो सके।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : चाईबासा में 12 जुलाई को आयोजित होगा राज्य स्तरीय कराटे ट्रेनिंग कैंप और ब्लैक बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा
जागरूकता अभियान के तहत अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान में लिया हिस्सा
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना और क्षेत्र में फैलने वाली मौसमी बीमारियों के प्रकोप को कम करना है। रथ रवानगी के इस अवसर पर समाहरणालय में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों और अन्य गणमान्य लोगों ने मलेरिया एवं डायरिया नियंत्रण को लेकर आयोजित एक विशेष हस्ताक्षर अभियान में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। हस्ताक्षर करने के साथ ही सभी ने सामूहिक रूप से जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया।
























