विशेष लोक अदालत में आपसी सहमति से मामलों के समाधान का अवसर, 31 जुलाई तक भर सकते हैं आवेदन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)–2026” के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा लंबित मामलों का आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), पूर्वी सिंहभूम के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान के तहत 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हुए पात्र मामलों को विशेष लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित विशेष लोक अदालत में ऐसे मामलों की सुनवाई की जाएगी, जिनका समाधान आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से संभव है। इसके लिए जिला, अनुमंडल एवं तालुका विधिक सेवा प्राधिकरणों के साथ-साथ मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पक्षकारों के बीच सहमति बनाकर विवादों का शांतिपूर्ण समाधान किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा भाजपा मंडल की आत्मनिर्भर मासिक बैठक संपन्न, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी गई श्रद्धांजलि
31 जुलाई तक गूगल फॉर्म भरकर ले सकते हैं विशेष लोक अदालत में भागीदारी
डालसा सचिव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी सिंहभूम ने सभी संबंधित पक्षकारों से इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विवादों का समाधान होने से न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि लंबे समय तक चलने वाली मुकदमेबाजी से भी राहत मिलती है। इस अभियान में शामिल होने के इच्छुक पक्षकारों की सुविधा के लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। सचिव ने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने विवादों का स्थायी, सम्मानजनक और कानूनी समाधान प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि समाधान समारोह न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

























