आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की अपील पर आगे आए विधायक, सहयोग राशि सौंपकर बढ़ाया हौसला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत मुड़ाकाटी पंचायत के कमड़ासोल गांव निवासी कांदरा सबर की बीए पास पुत्री मुगली सबर के विवाह के लिए क्षेत्रीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। कांदरा सबर आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पुत्री की शादी तय होने के बाद उन्हें विवाह संबंधी खर्चों को लेकर चिंता सताने लगी थी। ऐसे में उन्होंने आदिम जनजाति उत्थान मंच के जिला अध्यक्ष लोबीन सबर से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई। लोबीन सबर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी विधायक सोमेश चंद्र सोरेन को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने परिवार की मदद के लिए तत्काल पहल करते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा सचिव ने घाघीडीह जेल और संप्रेषण गृह का किया औचक निरीक्षण
विधायक के निर्देश पर गांव पहुंची टीम, परिवार को सौंपा गया सहयोग राशि का लाभ
विधायक के निर्देश पर मंगलवार को आदिम जनजाति उत्थान मंच के जिला अध्यक्ष लोबीन सबर, झामुमो नेता गौरांग माहली तथा मंच के प्रखंड अध्यक्ष बुद्धदेव सबर कमड़ासोल गांव पहुंचे। उन्होंने कांदरा सबर के परिवार से मुलाकात की और विधायक द्वारा प्रदान की गई सहयोग राशि मुगली सबर को सौंपी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे आदिम जनजाति समुदाय के जरूरतमंद परिवारों को संबल मिलता है। मौके पर कांदरा सबर, थेरी सबर, गुरा सबर, सुंदरी सबर, सुमति रानी मुंडा, धीरेन्द्र नाथ मुंडा, सुभाष चन्द्र मुंडा, विष्णु सबर समेत गांव के कई ग्रामीण मौजूद रहे। परिवार ने विधायक और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनकी बेटी के विवाह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
























