- श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड की पहल, ग्रामीणों को मुफ्त दवाइयों के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
- वर्षा ऋतु में बीमारियों से बचाव और स्वच्छता अपनाने पर दिया गया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : खास जामदा बस्ती में बुधवार को श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड द्वारा आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। नोवामुंडी प्रखंड के बड़ाजामदा क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में लगभग 90 से 95 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान कई लोगों में शुगर, फाइलेरिया, दाद-खाज, पेट संबंधी समस्याएं और अन्य सामान्य बीमारियों के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आर. आर. मिश्रा ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को कंपनी की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए चिकित्सकों से सलाह ली। कंपनी के अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरे शिविर के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा, जिससे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुंदरनगर पहुंचा डालसा का मोबाइल वैन, स्कूली बच्चों को दी गई विधिक जानकारी
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की पहल
शिविर के दौरान डॉ. आर. आर. मिश्रा ने ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान और उचित उपचार से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। इस अवसर पर कंपनी की ओर से डॉ. राजीव रंजन मिश्रा, कंपाउंडर मनीष कुमार तथा पदाधिकारी टुन्नू पांडे सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना है। ग्रामीणों ने कंपनी की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।























