आर्थिक संकट से जूझ रहे जन वितरण प्रणाली संचालक, जल्द भुगतान नहीं होने पर बढ़ सकती हैं समस्याएं
डीलर संघ ने भुगतान में देरी को बताया गंभीर समस्या
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों ने सरकार से 10 माह से लंबित कमीशन का भुगतान अविलंब करने की मांग की है। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने वाले दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से कमीशन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। दुकानदारों के अनुसार सरकार कभी-कभी एक या दो माह का भुगतान जारी कर देती है, लेकिन शेष महीनों का बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में दिसंबर 2024, जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 के साथ-साथ जनवरी से जून 2026 तक का कुल 10 माह का कमीशन लंबित है। उनका कहना है कि कमीशन नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई, इलाज, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है, जिससे कई परिवार आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : 70 साल बाद जादूगोड़ा पहुंची भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम, सीआरपीएफ ने किया भव्य स्वागत
सेवा भावना से राशन वितरण जारी, लेकिन बढ़ रही परेशानी
पीडीएस डीलर संघ के अध्यक्ष अनवर अंसारी ने कहा कि आर्थिक संकट के बावजूद सभी दुकानदार नियमित रूप से लाभुकों तक राशन पहुंचा रहे हैं, ताकि गरीब परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दुकानदार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, लेकिन कमीशन भुगतान में लगातार हो रही देरी उनके लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। संघ का कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कई दुकानदारों के सामने रोजमर्रा का जीवन चलाना और कठिन हो जाएगा। उन्होंने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लंबित कमीशन का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है, ताकि पीडीएस दुकानदारों को आर्थिक राहत मिल सके और राशन वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहे।























