राईका गांव में हुई घटना, गुवा सेल अस्पताल में चिकित्सकों ने किया सफल इलाज
बरसात के मौसम में सांपों से सतर्क रहने की सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना क्षेत्र के राईका गांव में बत्तख की तलाश में जंगल गए एक युवक को सांप ने डंस लिया। जानकारी के अनुसार राईका गांव निवासी 25 वर्षीय रमेश सिरका बुधवार शाम अपनी बत्तख को खोजने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसका पैर अनजाने में एक सांप पर पड़ गया। अचानक हुए इस संपर्क से सांप ने उसके दाहिने पैर में डंस लिया, जिससे उसके पैर से काफी मात्रा में खून बहने लगा। घटना के बाद रमेश ने घबराने के बजाय संयम बनाए रखा। स्थानीय लोगों के अनुसार उसने प्राथमिक रूप से खून बहने दिया और ग्रामीण परंपरा के तहत जड़ी-बूटी का सेवन किया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी निगरानी की गई और हालत पर नजर रखी गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : मझगांव में आदिवासी ग्रामीणों की पिटाई का आरोप, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
समय पर अस्पताल पहुंचने से टला बड़ा खतरा
गुरुवार सुबह रमेश सिरका इलाज के लिए गुवा सेल अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसका परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक की स्थिति सामान्य है और वह पूरी तरह खतरे से बाहर है। चिकित्सकों ने कहा कि बरसात के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए जंगल, खेत या झाड़ियों वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर जड़ी-बूटी या घरेलू उपचार पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता लें, ताकि किसी भी प्रकार की गंभीर स्थिति से बचा जा सके।























