स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को मिलेगी प्राथमिकता, जरूरत पड़ने पर कंपनी चला सकेगी अपने वाहन
सहमति के बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य सुचारू होने की उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : चिड़िया स्थित सेल (SAIL) के दुबिल आयरन ओर माइंस में ट्रांसपोर्टिंग कार्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद का समाधान गुरुवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में निकल आया। मनोहरपुर साइडिंग में हुई वार्ता में सेल की अधिकृत ठेका कंपनी एन.के. मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड और मनोहरपुर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने माइंस क्षेत्र में बाहरी वाहनों और बाहरी ट्रांसपोर्टरों के संचालन का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों को ट्रांसपोर्टिंग कार्य में प्राथमिकता देने की मांग रखी। दोनों पक्षों के बीच विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय व्यवसायियों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशने पर सहमति बनी। वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और सभी पक्षों ने आपसी सहयोग से कार्य संचालन की आवश्यकता पर बल दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल किरीबुरू के सीएसआर सहयोग से 37 महिलाओं ने पूरा किया जूट प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र वितरित
प्रतिदिन 2,000 टन परिवहन की जिम्मेदारी निभाएगी कंपनी
बैठक में यह सहमति बनी कि दुबिल माइंस से संबंधित ट्रांसपोर्टिंग कार्य में बाहरी ट्रांसपोर्टरों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा तथा स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को पहली प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ठेका कंपनी को प्रतिदिन लगभग 2,000 टन आयरन ओर का परिवहन दुबिल माइंस से मनोहरपुर साइडिंग स्थित डंपिंग यार्ड तक सुनिश्चित करना है। यदि किसी कारणवश स्थानीय ट्रांसपोर्टर टेंडर की शर्तों के अनुरूप आवश्यक संख्या में वाहन उपलब्ध नहीं करा पाते हैं, तो कंपनी अपनी आवश्यकता के अनुसार निजी वाहनों का संचालन कर सकेगी। इस प्रस्ताव पर स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और कंपनी दोनों ने सहमति जताई। समझौते के बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त हो गई है और जल्द ही कार्य सुचारू रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है।























