ज्ञापन सौंपकर पटकार, चित्रकार समेत सात उपजातियों को सूचीबद्ध करने की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत जुगीडीह गांव के ग्रामीणों एवं पटकार समाज के प्रतिनिधियों ने खूँटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुण्डा को ज्ञापन सौंपकर पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार और परिकर उपजातियों को झारखंड की जाति सूची में शामिल करने की मांग की है। समाज के लोगों ने कहा कि वे पीढ़ियों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं और इसका उल्लेख पुराने सर्वे खतियान में भी मिलता है। ज्ञापन में बताया गया कि खतियान में इन जातियों का स्पष्ट उल्लेख होने के बावजूद झारखंड की आधिकारिक जाति सूची में इनका नाम दर्ज नहीं है। इसके कारण समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने से भी वंचित हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर बड़ा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, घंटों बाधित रहा यातायात
अन्य राज्यों का हवाला देकर समाज ने की आवश्यक पहल की मांग
ज्ञापन में पटकार समाज ने अन्य राज्यों के उदाहरण भी प्रस्तुत किए हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल में चित्रकार जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की श्रेणी में शामिल किया गया है, जबकि ओडिशा में चित्रकार जाति को OBC और पटिकार जाति को अनुसूचित जाति (SC) का दर्जा प्राप्त है। समाज का कहना है कि झारखंड में भी इन उपजातियों को उचित पहचान और वैधानिक दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने सांसद कालीचरण मुण्डा से इस दिशा में आवश्यक पहल कर राज्य सरकार के समक्ष मामला उठाने की मांग की, ताकि पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार और परिकर समुदाय के लोगों को जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। ज्ञापन के साथ समाज के अनेक लोगों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर अपनी मांग का समर्थन भी जताया।



























