उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की दी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी मान्यता प्राप्त एवं निबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से ही यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर किरीबुरू में सीटू का सांकेतिक प्रदर्शन
95.53 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त, डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 95.53 प्रतिशत गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) प्राप्त किए जा चुके हैं, जबकि 47.59 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इसके अलावा ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। विधानसभावार डिजिटाइजेशन एवं ASDD सूची की स्थिति से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य को और गति देने की आवश्यकता है। इसके लिए BLA-2 प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई है। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि प्राप्त प्रपत्रों की जांच, सत्यापन एवं रिकॉर्ड अद्यतन करने का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ महिलाओं ने की मां विपत्तारिणी की पूजा
30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान जारी
बैठक में SIR-2026 के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा। 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जबकि 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निर्धारित की गई है। इसी प्रकार 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा तथा 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी BLA-1 से आग्रह किया कि वे अपने-अपने BLA-2 को 22 जुलाई को आयोजित BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्वदेशी जागरण मंच की ‘पर्यावरण पहल’ के तहत साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में संगोष्ठी व वृक्षारोपण
पात्र मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करने और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त ने बैठक में BLA-2 की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि BLA-2 को प्राप्त गणना प्रपत्रों का सत्यापन, ASDD सूची निर्माण, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित कराने तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहयोग देना होगा। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची या ASDD सूची में शामिल हो जाता है, तो वह 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक निर्धारित दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर अपना नाम पुनः सूची में दर्ज करा सकता है। बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने तथा आम मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की गई। इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
























