पुल के ऊपर चार फीट तक बहा पानी, गुवा-बड़ाजामदा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप
हर वर्ष बारिश में डूब जाता है बोकना संपर्क मार्ग, स्थायी समाधान की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण कारो नदी उफान पर आ गई, जिससे बोकना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के ऊपर लगभग चार फीट ऊंचाई तक पानी बहने लगा, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। बोकना कारो नदी मार्ग बंद होने से गुवा, बड़ाजामदा, किरीबुरू और चाईबासा के बीच आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाने को मजबूर होना पड़ा। प्रशासन द्वारा लोगों को जलमग्न मार्ग से गुजरने से बचने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ पर सेवा शिविर लगाएगा ओम कांवरिया सेवा संघ
वैकल्पिक मार्ग से सफर करने को मजबूर हुए लोग
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ भी सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो गई। विशेष रूप से मोटरसाइकिल चालकों को हाथी चौक नाका गेट होकर बड़ाजामदा जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा। कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान कारो नदी का जलस्तर बढ़ने से बोकना मार्ग डूब जाता है, जिससे क्षेत्र का संपर्क प्रभावित होता है। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से बाढ़ प्रभावित मार्ग की समस्या के निराकरण की अपील की है।























