श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, सुरक्षा, साफ-सफाई और आवागमन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरिणा मुक्तेश्वर धाम में श्रावण मास की सोमवारी को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन से संबंधित तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय प्रबंधन से जुड़े लोगों को निर्देश दिया कि बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए आने वाले कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मंदिर परिसर में नियमित सफाई, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में तीन दिवसीय राखी मेले का शुभारंभ, महिलाओं के हुनर और स्वावलंबन को मिला मंच
हर सोमवारी भक्ति जागरण और आकर्षक झांकी से गूंजेगा मुक्तेश्वर धाम
श्रावण मास को लेकर धार्मिक आयोजनों की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। विधायक संजीव सरदार के सौजन्य से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी हर सोमवारी को हरिणा मुक्तेश्वर धाम में भक्ति संगीत जागरण और आकर्षक झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए झामुमो हरिणा एवं जानमडीह पंचायत कमिटी के सदस्यों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। इस आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को सजाने और श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। निरीक्षण के दौरान बज्रांकन दंडपात, दीपंकर सीट, भरत सरदार, रूपक बेहरा, सरोज सीट, खिरोद सीट, अमल सीट, गुनाधर कर्मकार, सूरज नायक, जनमेजय नायक, किशोर सीट, अनिरुद्ध नायक, दीपक सरदार सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।























