ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का लिया संकल्प
देशभक्ति के माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, तकनीकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया गया जोर
पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज के रूप में संस्थान को विकसित करने की योजना
छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावक और ग्रामीण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर डॉ. पांडे ने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं पर देश के विकास और राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया गया। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी, कड़ी मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा-बड़ाजामदा क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जटाशंकर पांडे ने ग्रामवासियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नारायण प्राइवेट आईटीआई को भविष्य में पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा और संसाधनों की आवश्यकता है। संस्थान का प्रयास रहेगा कि ग्रामीण विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इस दिशा में संस्थान लगातार कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इसे और अधिक सशक्त बनाने की योजना है।
इसे भी पढ़ें : Gua : एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की मौत के बाद गुवा सेल में चक्का जाम, आश्रित को नौकरी देने की मांग
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा संस्थान परिसर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य जयदीप पांडेय, एडवोकेट निखिल कुमार, शिक्षक शांति राम महतो, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, देवाशीष मंडल, शशि भूषण महतो, पवन महतो, अजय मंडल, कृष्णा पद महतो, गौरव महतो एवं नियति कोड़ा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामवासी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रहित, शिक्षा के प्रसार और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।























