लगातार बारिश और अत्यधिक नमी से दृश्यता घटी, वाहन चालकों को बरतनी पड़ रही विशेष सावधानी
बारिश, जंगल और पहाड़ों के संगम ने बढ़ाई सारंडा की खूबसूरती
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सारंडा के पर्वतीय क्षेत्र किरीबुरू और मेघाहातुबुरु इन दिनों घने कोहरे और बादलों की चादर में पूरी तरह ढंके हुए हैं। लगातार हो रही बारिश और मौसम में बढ़ी नमी के कारण यहां का वातावरण बेहद मनमोहक होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी बन गया है। स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर दृश्यता महज 10 मीटर तक सिमट गई है, जिससे सामने खड़े व्यक्ति को पहचानना भी मुश्किल हो रहा है। पहाड़ियों, सड़कों, भवनों और पेड़ों पर फैली सफेद धुंध ने पूरे क्षेत्र को किसी स्वप्निल दृश्य जैसा बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कोहरा सुबह से लेकर दिन के बड़े हिस्से तक बना रहता है। प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध यह इलाका इन दिनों सचमुच बादलों के शहर जैसा प्रतीत हो रहा है, जहां प्रकृति का अनोखा रूप पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रहा है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : जल जीवन मिशन की योजनाओं में अनियमितता का आरोप, मुख्य सचिव को भेजा गया स्मार पत्र
कोहरे और कम दृश्यता से सड़क यातायात प्रभावित
घने कोहरे का सबसे अधिक असर सड़क यातायात पर देखा जा रहा है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सावधानीपूर्वक वाहन चलाना पड़ रहा है। विशेषकर पहाड़ी और घुमावदार मार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लगातार बारिश के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कई दिनों से पर्याप्त धूप नहीं निकलने के कारण घरों में कपड़े सुखाने जैसी दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। हालांकि सारंडा की भौगोलिक विशेषता यह है कि किरीबुरू की ऊंची पहाड़ियों से करीब पांच किलोमीटर नीचे उतरते ही मौसम सामान्य दिखाई देने लगता है। ऊपर घना कोहरा और नीचे धूप-बादलों की आंख-मिचौली का यह दृश्य क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और भी खास बना रहा है। बारिश, कोहरा, पहाड़ और घने जंगलों का अद्भुत संगम इन दिनों किरीबुरू-मेघाहातुबुरु को प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा है।




























