- छात्रों पर लाठीचार्ज और कथित दमनकारी नीतियों के विरोध में 2 सितंबर को आजसू करेगी पुतला दहन
- आजसू ने छात्रों के समर्थन में संघर्ष तेज करने का दिया संकेत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : आजसू पार्टी जमशेदपुर ने झारखंड सरकार की कथित दमनकारी नीतियों, मौलिक अधिकारों के हनन तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 2 सितंबर को सरकार का पुतला दहन करने की घोषणा की है। इस संबंध में कार्यक्रम की अनुमति प्राप्त करने के लिए सोमवार को पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त की अनुपस्थिति में उप विकास आयुक्त, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्रों की आवाज को दबाने के प्रयासों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी। आजसू नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार को छात्रों और युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनके आंदोलनों को बलपूर्वक दबाने का प्रयास करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : कुइली नदी में दर्दनाक हादसा, तेज बहाव में बहे तीन ग्रामीण; दो के शव बरामद
पुतला दहन कार्यक्रम के लिए प्रशासन से मांगी गई अनुमति
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सहिस ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की सत्ता लोकतांत्रिक मूल्यों को दरकिनार कर हिटलरशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। सहिस ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता और छात्रों की आवाज को सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल छात्रों का मुद्दा नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा विषय है, जिस पर समाज के सभी वर्गों को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Gua : घने कोहरे की चादर में लिपटा किरीबुरू-मेघाहातुबुरु, ‘बादलों के शहर’ का दिखा अद्भुत नजारा
छात्रों के मुद्दे को लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़ा
वहीं, आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी के छात्र मोर्चा एवं जिला समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि कथित दमनकारी नीतियों और मौलिक अधिकारों के हनन के विरोध में आयोजित किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान सागेन हांसदा, चंद्रेश्वर पांडेय, अप्पू तिवारी, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, मंटू शुक्ला, दीपक पांडेय, ललन झा, जमाल खान, मुन्ना भाई, जितेंद्र यादव, संजय साहू, मनोज महतो, ललित सिंह, परवीन प्रसाद, राजेंद्र सोनकर, राज सिंह, संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।