बंद घर की चोरी में CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शास्त्रीनगर हमले में खून लगा चापड़ बरामद
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और जानलेवा हमले की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पहली कार्रवाई में बंद घर से कांसा-पितल के बर्तन और चांदी के सिक्कों की चोरी के मामले में पुलिस ने मो. जफर खान को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी के बर्तन के अलावा साकची थाना क्षेत्र से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। दूसरी कार्रवाई शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में युवक पर चापड़ से किए गए हमले के मामले में हुई, जहां विशेष जांच टीम (SIT) ने मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की जांच तेज कर दी है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : बिनपुर हाईस्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 200 विद्यार्थियों को दी गई ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी
कदमा में दो आपराधिक मामलों का पुलिस ने किया खुलासा

पहली घटना 3 सितंबर 2026 को कदमा थाना क्षेत्र के न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 की है। यहां महुआ सिन्हा बाबु के बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने शाम के समय प्रवेश कर कांसा-पितल के बर्तन, चांदी के पांच सिक्के और अन्य सामान चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और मानवीय सूचना के साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर 11 सितंबर को अप्राथमिकी अभियुक्त मो. जफर खान को गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम साइबर क्राइम पुलिस का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े पांच गिरफ्तार
CCTV और तकनीकी जांच से चोरी के आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर में छिपाकर रखा चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में कांसा के चार लोटा, दो गिलास, एक गगरा, तीन थाली, पीतल की एक परात, दो बड़ी हांडी, एक जग और दो गमले शामिल हैं। इसके अलावा करीब 26.17 ग्राम का सोने का गले का हार, 3.67 ग्राम का मांगटीका, 1.50 ग्राम और 0.85 ग्राम के सोने के कान के टॉप तथा 0.31 ग्राम की सोने की नथ भी बरामद की गई। पुलिस ने चांदी की करीब 163.355 ग्राम की थाली, 46.40 ग्राम का गिलास, 45.63 ग्राम का कटोरा, 22.70 ग्राम के चार बेर और करीब 6.04 ग्राम की तीन अंगूठियां भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुरी-गोला सिंगपुर सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, सीओ को सौंपा ज्ञापन
जर्जर क्वार्टर से बरामद हुए चोरी के लाखों के जेवर और बर्तन
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जफर खान, पिता स्व. वकील खान के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता ठक्कर बाबा स्कूल के बगल में धातकीडीह हरिजन बस्ती, थाना बिष्टुपुर बताया गया है, जबकि स्थायी पता गरीब नवाज कॉलोनी, पहलवान डेरा के पीछे, थाना जुगसलाई, पूर्वी सिंहभूम है। जांच के दौरान उसके पास से साकची थाना क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित सोने-चांदी के आभूषण मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब बरामद आभूषणों और अन्य सामान के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : डॉ आशा लकड़ा के दौरे से चाटीकोचा विस्थापितों में जगी नई उम्मीद, पुनर्वास और मुआवजा भुगतान की बढ़ी आस
साकची की चोरी से भी जुड़े मिले बरामद सोने-चांदी के आभूषण
दूसरी कार्रवाई कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में युवक पर चापड़ से हमले के मामले में हुई। 10 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने मो. कैफ (24) पर चापड़ से हमला कर दिया था। हमले में कैफ के सिर पर चोट लगी, जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक के लिखित आवेदन के आधार पर कदमा थाना में कांड संख्या 99/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को आरोपी बनाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष जांच के लिए SIT गठित की गई। टीम ने जांच के दौरान संभावित ठिकानों पर छापामारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू सेल अस्पताल की बदहाली पर भड़के रामा पाण्डे, मरीजों की सुरक्षा और सुविधाओं पर उठाए सवाल
शास्त्रीनगर में चापड़ से हमला, SIT ने दो आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने गिरफ्तार मो. दिलरेज खान (20 वर्ष) और जिशान अंसारी (करीब 23 वर्ष) की निशानदेही तथा अनुसंधान के क्रम में घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। कदमा थाना क्षेत्र में एक ही समय में चोरी और जानलेवा हमले के मामलों में हुई कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों घटनाओं के खुलासे के बाद पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता और बरामद सामान के स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


























