350 से अधिक पूजा समितियां समिति से जुड़ीं, ग्रामीण क्षेत्रों की लाइसेंस और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर समिति सक्रिय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : आगामी शारदीय दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की प्रेस वार्ता समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के आवासीय कार्यालय में आयोजित हुई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि समिति जिले के दो अनुमंडलों और 11 प्रखंडों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों से समिति जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पूजा समितियों को साथ लेकर काम कर रही है। इस वर्ष भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी संबद्ध पूजा समितियों के पदाधिकारियों को 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वार्षिक आम सभा में आमंत्रित किया गया है। आम सभा में समिति के विस्तार के साथ ग्रामीण पूजा समितियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में किशोरियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘प्रज्ञा’ पहल शुरू
13 सितंबर की आम सभा में ग्रामीण पूजा समितियों की समस्याओं पर होगी चर्चा
समिति के महासचिव ललन यादव ने बताया कि वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 350 से अधिक पूजा समितियां सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति से जुड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की कई समितियों ने अनुज्ञप्ति यानी लाइसेंस जारी होने में आने वाली परेशानियों से अवगत कराया है। इस बार जिला प्रशासन के साथ होने वाली बैठक में पूजा समितियों की अनुज्ञप्ति से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा कॉरपोरेट संस्थानों से ग्रामीण और शहरी पूजा समितियों के लिए पेयजल, चलंत शौचालय, निःशुल्क बिजली कनेक्शन तथा भोग के लिए प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा। वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि समिति जिले की सभी पूजा समितियों के साथ 24 घंटे तत्परता से सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, लाइसेंस और कॉरपोरेट सहयोग से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान समिति के प्रयास से कराया गया था। इस वर्ष भी पूजा समितियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों और संस्थानों से समन्वय किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कदमा में चोरी का खुलासा, 10 लाख के जेवर-बर्तन बरामद; चापड़ से हमला मामले में दो गिरफ्तार
लाइसेंस से लेकर पेयजल और बिजली तक, पूजा समितियों की सुविधाओं पर जोर
वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की पूजा समितियों को अपेक्षाकृत आसानी से सुविधाएं मिल जाती हैं, लेकिन बंगाल और ओडिशा की सीमा से सटे सुदूर ग्रामीण इलाकों में पूजा समितियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस बार समिति का विशेष फोकस ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा, ताकि सभी समितियां बिना किसी बाधा के दुर्गोत्सव का आयोजन कर सकें। अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि पिछले वर्ष भी समिति ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से कई पूजा समितियों की समस्याओं का समाधान कराया था। इस वर्ष और व्यापक स्तर पर प्रयास किया जाएगा। प्रेस वार्ता में जिला परिषद सदस्य सह वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो, हरि मुखी, अधिवक्ता विनीत मिश्रा, संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा, बलदेव सिंह मेहरा, बिरेन्द्र सिंह, हर्ष यादव, रामबाबू यादव, कार्यालय सचिव कमल राम यादव, सचिव निमाई मंडल, पवन उपाध्याय, नंद किशोर ठाकुर, मन्नू मंडल, देवदर्शिनी बोस, कानूनी सलाहकार अधिवक्ता विप्लब भुइयां, आशीष ठाकुर, सुल्तान अहमद समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



























