ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बैगेज स्कैनर जांच में मिला कैश, आयकर विभाग को सौंपा गया मामला
60.55 लाख रुपये की नकदी आयकर विभाग को सौंपी गई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए 60 लाख 55 हजार 440 रुपये नकद बरामद किए। बुधवार को स्टेशन के उत्तर दिशा स्थित नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के बैगेज स्कैनर पर नियमित जांच के दौरान यह रकम पकड़ी गई। आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने एक बैग की जांच के दौरान उसमें भारी मात्रा में नकदी होने का पता लगाया। बैग राजामुंदरी, आंध्र प्रदेश निवासी 53 वर्षीय चुक्का किशोर कुमार के पास था। नकदी के संबंध में वह वैध दस्तावेज या संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे आरपीएफ पोस्ट लाकर पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले की सूचना तत्काल खड़गपुर जीआरपीएस को दी गई, जिसके बाद आयकर विभाग को भी जानकारी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : तीन दिन में फटने लगी पीसीसी सड़क, घटिया निर्माण का आरोप
बैगेज स्कैनर की जांच में भारी मात्रा में नकदी मिलने से हड़कंप
17 सितंबर को कोलकाता स्थित आयकर निदेशालय (जांच) को आधिकारिक सूचना भेजी गई। इसके बाद आयकर निरीक्षक अमित कुमार आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर पहुंचे। एएससी/डब्ल्यूएस/खड़गपुर की निगरानी में आयकर अधिकारियों और आरपीएफ कर्मियों की मौजूदगी तथा वीडियोग्राफी के बीच सीलबंद बैग खोला गया। मशीन से नकदी की गिनती करने पर कुल 60,55,440 रुपये मिले। रकम अलग-अलग मूल्यवर्ग के नोटों में थी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति और बरामद नकदी को विधिवत पावती के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया। आरपीएफ के अनुसार, रेलवे परिसर के माध्यम से संदिग्ध या बिना उचित दस्तावेज वाली नकदी की आवाजाही पर निगरानी रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।


























