एसआईआर-2026 के तहत नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों का डेटा साझा, सहयोग की अपील
त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने पर प्रशासन का जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत नो-मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित डेटा उपलब्ध कराया गया, ताकि वे अपने स्तर पर इसकी समीक्षा कर सकें और पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकें। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Potka : आजीविका से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं पोटका की महिलाएं, संजीव सरदार ने किया प्रेरित
घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे बीएलओ
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं से संपर्क करेंगे। वे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी देंगे तथा उनकी वास्तविक स्थिति का सत्यापन करेंगे। बैठक में सभी मतदान केंद्रों के उन मतदाताओं की बूथवार सूची भी साझा की गई, जिन्हें विभिन्न विसंगतियों अथवा विगत एसआईआर के दौरान नो-मैपिंग के कारण नोटिस जारी किए गए थे। इनमें कई मतदाता सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज जमा कर चुके हैं, जबकि कुछ मतदाता विभिन्न कारणों से उपस्थित नहीं हो सके थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur/Seraikela : डोबो पुल के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो गांजा और ₹5.19 लाख नकद बरामद
छूटे हुए मतदाताओं के लिए चलेंगे विशेष अभियान
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024 की मतदाता सूची में शामिल और इन्यूमरेशन फॉर्म भर चुके, लेकिन सुनवाई में अनुपस्थित रहे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम और कैंप आयोजित किए जाएंगे। संबंधित ईआरओ एवं अन्य अधिकारी आवश्यकतानुसार सत्यापन और निरीक्षण करेंगे तथा उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता केवल तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मवेशी से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
विशेष श्रेणी के मतदाताओं पर रहेगा फोकस
उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्देश दिया कि पीवीटीजी, दिव्यांगजन, जनजातीय समूह, वृद्ध मतदाता तथा ऐसे मतदाता जिनके माता-पिता से संबंधित विवरण उपलब्ध नहीं हैं, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का सहयोग और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे पात्र मतदाताओं की पहचान करने और उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें। बैठक में ईआरओ सह एडीसी, एसओआर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
























