अफताब उर्फ टेंगर की निशानदेही पर टूटी हथकड़ी, कटा रस्सा और सब्बल बरामद, पुराने चोरी मामलों की भी जांच तेज
पुराने चोरी मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
किरीबुरू : किरीबुरू क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस के लिए चुनौती बने आरोपी अफताब खान उर्फ टेंगर को फरार होने के 72 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के थाना परिसर से भागने की घटना ने पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया था। बताया जाता है कि 29 सितंबर को पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाना लाई थी। प्रारंभिक जांच में उसका नाम क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं से जुड़कर सामने आया था। गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान उसके हाथों में हथकड़ी लगाई गई थी और अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर रस्सी भी बांधी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : रांची के बेड़ो में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी कार; दो की मौत
थाना परिसर से फरारी ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों, जंगल क्षेत्रों और उसके परिचितों के घरों के आसपास लगातार छापेमारी अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया, जिससे विभाग को बड़ी राहत मिली है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : बच्चियों ने नाटक से समझाई ग्राम सभा की शक्ति, पंचायत की जिम्मेदारी
विशेष छापामारी दल ने चलाया सघन अभियान
पुलिस के अनुसार दोबारा गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसकी निशानदेही पर फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। इनमें टूटी हुई हथकड़ी, कटा हुआ रस्सा तथा करीब ढाई फीट लंबा लोहे का सब्बल शामिल है। जांच अधिकारियों का मानना है कि बरामद सब्बल का इस्तेमाल चोरी की अन्य घटनाओं में भी किया गया हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस अब क्षेत्र में हुई विभिन्न चोरी की वारदातों के साथ उसके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : भीड़ में मां से बिछड़ा मासूम, पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में मिला
आरोपी की निशानदेही पर अहम बरामदगी
अफताब खान उर्फ टेंगर का नाम हाल ही में सेल अधिकारी राहुल यादव के सरकारी आवास में हुई बड़ी चोरी की घटना में भी सामने आया था। उस मामले में लाखों रुपये के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई थी। पुलिस अब आरोपी की भूमिका, उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी के कई पुराने मामलों का खुलासा हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किरीबुरू क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और उनके बीच क्या संबंध हैं।























