न्यू कॉलोनी में सामूहिक पूजा-अर्चना, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
जीमूतवाहन की पूजा कर संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को जीवित्पुत्रिका जितिया व्रत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने एकजुट होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने अपनी संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भगवान जीमूतवाहन की पूजा की। गुवा की न्यू कॉलोनी में पंडित लक्ष्मण उपाध्याय की अध्यक्षता में महिलाओं ने सामूहिक रूप से जितिया व्रत का अनुष्ठान किया। पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। सामूहिक पूजा के कारण न्यू कॉलोनी में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Potka : जितिया पर्व पर महिलाओं ने रखा निर्जला उपवास, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
न्यू कॉलोनी में सामूहिक पूजा से बना भक्तिमय माहौल
पूजा करा रहे पंडित लक्ष्मण उपाध्याय ने बताया कि सनातन धर्म में जीवित्पुत्रिका व्रत का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार, महिलाएं संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना को लेकर यह व्रत करती हैं। उन्होंने बताया कि व्रती महिलाएं 24 घंटे तक निर्जला उपवास रखती हैं और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान जीमूतवाहन की पूजा-अर्चना करती हैं। व्रत के दौरान महिलाएं स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं। इसके बाद पूजा स्थल पर भगवान जीमूतवाहन की विधिवत पूजा की जाती है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सीतारामडेरा फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार, दो देसी पिस्टल और गोलियां बरामद
संतान की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा निर्जला उपवास
पंडित उपाध्याय के अनुसार पूजा के दौरान कुशा से बनी भगवान जीमूतवाहन की प्रतिमा पर धूप-दीप, चावल, पुष्प सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाती है। महिलाओं ने पूजा-अर्चना के दौरान संतान के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि जीवित्पुत्रिका व्रत पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में विशेष रूप से मनाया जाता है। गुवा क्षेत्र में भी इस पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा कर धार्मिक परंपराओं का पालन किया और परिवार की खुशहाली की कामना की।






















