लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान की रक्षा को लेकर जिला मुख्यालय में होगा व्यापक जनजागरण अभियान
जिला स्तरीय मार्च में अधिकाधिक भागीदारी की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के उद्देश्य से कांग्रेस आगामी 7 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकालेगी। इस संबंध में रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। प्रेस-वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से आम जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : टेन्ड्राउली में शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा का अनावरण, सांसद जोबा माझी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की सुरक्षा जरूरी
सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों का दायित्व नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक जागरूक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कांग्रेस का मानना है कि मजबूत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता व्यवस्था अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : बिनुवां में ग्राम रक्षा समिति की बैठक, विकास योजनाओं पर बनी सहमति
अभियान के जरिए जनता को किया जाएगा जागरूक
जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र सोनकर ने बताया कि कांग्रेस देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की। वहीं राजद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने अभियान को समर्थन देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को एक मंच पर आना होगा।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर-आनंदपुर मार्ग पर स्कूटी-बाइक की भिड़ंत, बुजुर्ग समेत तीन घायल
इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल भी होंगे शामिल
नेताओं ने बताया कि 7 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय मार्च के माध्यम से आम जनता के बीच लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और वयस्क मताधिकार के संवैधानिक महत्व को लेकर जागरूकता फैलायी जाएगी। कांग्रेस ने सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। प्रेस-वार्ता में प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां, रईस रिजवी छब्बन, त्रिशानु राय, प्रीतम बांकिरा, हसलुद्दीन खान और पुरुषोत्तम दास पान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।























