15 अक्टूबर तक करा सकते हैं नामांकन, मैट्रिक से उच्च योग्यता वाले अभ्यर्थी ले सकेंगे प्रशिक्षण
अमीन प्रशिक्षण के लिए शुल्क और नामांकन की प्रक्रिया जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : झारखंड के बेरोजगार युवाओं को अमीन के क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पोटका प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सहयोग से कौशल अमीन तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नव भारत निर्माण संस्थान के निर्देशन में होने वाले प्रशिक्षण के लिए नामांकन प्रक्रिया 5 अक्टूबर से शुरू हो गई है, जो 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन करा सकते हैं। प्रशिक्षण का शुभारंभ 18 अक्टूबर 2026 से होगा और इसकी अवधि दो माह निर्धारित की गई है। प्रत्येक रविवार को तीन घंटे की कक्षा आयोजित होगी। आवश्यकता पड़ने पर शनिवार को भी कक्षा संचालित की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो भट्टियां ध्वस्त
पोटका में युवाओं के लिए अमीन प्रशिक्षण का अवसर
प्रशिक्षण के दौरान अमीन कार्य में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। इसमें प्रकाश, डायगोनल स्केल ब्रास, जरीब समेत अन्य उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण शामिल है। मैट्रिक, इंटरमीडिएट तथा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए नामांकन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के साथ झारखंड पुलिस, उत्पाद सिपाही, एसएससी जीडी, रेलवे ग्रुप डी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अमीन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्नों की विशेष तैयारी भी कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों तथा विभिन्न विभागों में अमीन से जुड़े कार्यों और रोजगार के अवसरों की जानकारी भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : एसआईआर को लेकर पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुंचे संजीव सरदार, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
अमीन तकनीकी प्रशिक्षण में प्रतियोगी परीक्षाओं की भी होगी तैयारी
प्रशिक्षण के लिए शुल्क 350 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को शुल्क में 50 रुपये की विशेष छूट दी जाएगी। नामांकन के समय अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो और शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र साथ लाने को कहा गया है। आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण पूरा होने के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी और सफल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 7858017098 और 6287105001 मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।






















