20 अक्टूबर को रावण दहन, 21 अक्टूबर को करो नदी के कुसुम घाट पर होगा प्रतिमा विसर्जन
रावण दहन और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार देर शाम गुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनीत कुमार किंडो एवं किरीबुरू इंस्पेक्टर समीर तिर्की ने की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस वर्ष गुवा थाना क्षेत्र में रामनगर, विवेक नगर, कैलाश नगर, नुईया रुगंटा कॉलोनी, बिरसा नगर-2, कल्याण नगर, कारोकुंज हिरजीहाटिंग, घाटी मां वन देवी मंदिर तथा बेतरकिया सहित कुल नौ स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : बेटे को बचाने घाघरा जलप्रपात में कूदी मां, तेज धार में बहकर लापता
नौ पूजा पंडालों में सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस
बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पूजा पंडाल में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। सामान्य साउंड सिस्टम की अनुमति रहेगी, लेकिन उसे रात 10 बजे तक बंद करना अनिवार्य होगा। पंडालों में केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत ही बजाए जा सकेंगे। इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन सुरक्षा के लिए पर्याप्त बालू एवं पानी की व्यवस्था रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों, शराबियों एवं उपद्रवियों पर विशेष नजर रखने की बात भी कही, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इसे भी पढ़ें : Potka : करम की संस्कृति और एकता का संदेश, संजीव सरदार बोले- परंपरा को सहेजना सभी की जिम्मेदारी
डीजे प्रतिबंध और सीसीटीवी अनिवार्यता पर प्रशासन सख्त
बैठक में दुर्गा पूजा के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। रामनगर पूजा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को सेल फुटबॉल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तथा पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं 21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करो नदी तट स्थित कुसुम घाट पर किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पंडालों के आसपास वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की। बैठक में थाना प्रभारी नीतीश कुमार सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।























