खरसावां में 19 लीटर चुलाई शराब जब्त, 2,100 किलो जावा महुआ किया गया विनष्ट
अवैध शराब की सूचना प्रशासन को देने की उपायुक्त ने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में 5 अक्टूबर 2026 को विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खरसावां थाना क्षेत्र के बरजूडीह और गांगुडीह में अवैध रूप से संचालित दो चुलाई शराब भट्टियों पर कार्रवाई की गई। टीम ने दोनों भट्टियों को मौके पर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुल 19 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : एसआईआर को लेकर पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुंचे संजीव सरदार, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
दुर्गापूजा को लेकर उत्पाद विभाग ने बढ़ाई अवैध शराब के खिलाफ निगरानी
छापामारी के दौरान शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला लगभग 2,100 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया। उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया। विभाग द्वारा संबंधित भट्ठी संचालकों और कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री और आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का एजीएम मनीष जैन ने लिया जायजा
2,100 किलो जावा महुआ नष्ट, भट्ठी संचालकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से दुर्गापूजा के मद्देनजर संबंधित विभागों को सतत निगरानी रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






















