सुरक्षा संकेतकों के अभाव पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने एनएचआई और निर्माण एजेंसी को ठहराया जिम्मेदार
हादसे के बाद टेलर जब्त, चालक की तलाश जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित टेलर की चपेट में आने से छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो (20) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल समीर दास को पहले चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए। दोनों युवक हाल ही में चांडिल पॉलीटेक्निक में नामांकन लेकर पढ़ाई शुरू किए थे और बाइक से कॉलेज आ रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा बाजार में नाली का गंदा पानी बना परेशानी का सबब, दुकानदारों ने की स्थायी समाधान की मांग
पॉलीटेक्निक के दो छात्रों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां न तो पर्याप्त डिवाइडर लगाए गए हैं और न ही क्रॉसिंग सूचक या अन्य चेतावनी संकेतक मौजूद हैं। सरायकेला-कांड्रा मार्ग को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण क्रॉसिंग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि समय रहते आवश्यक इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : तृषा सिंह के श्राद्ध कर्म में पहुंचे बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता, दी श्रद्धांजलि
सुरक्षा संकेतकों की कमी से बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
समाजसेवी अरुण बागड़िया ने दुर्घटना के लिए एनएचआई और निर्माण एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, बैरिकेडिंग और डिवाइडर लगाने की आवश्यकता बताई। इधर, चांडिल पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेलर संख्या NL-01-5754 को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चालक की तलाश की जा रही है।























