बाल विवाह, पॉक्सो, मानव तस्करी और बाल श्रम समेत विभिन्न विषयों पर किया जागरूक
डालसा ने ग्रामीणों को मुफ्त कानूनी सहायता और हेल्पलाइन की दी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश एवं डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मंगलवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय हलुदबनी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। डालसा की जागरूकता मोबाइल वैन के माध्यम से स्कूली बच्चों को विभिन्न कानूनों और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। अभियान में लीगल एड डिफेंस कौंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा पीएलवी निताई चंद गोराय, नागेन्द्र कुमार, सुबोध कुमार, अनिल कुमार और प्रियंका कुमारी मौजूद रहे। टीम ने बच्चों को डालसा के कार्य एवं उद्देश्यों के साथ नागरिकों के मौलिक अधिकार और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को शिशु प्रोजेक्ट, बाल विवाह, मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, नशा उन्मूलन और डायन प्रथा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : अवैध चुलाई शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर शराब जब्त
बच्चों को बाल विवाह और पॉक्सो कानून के प्रति किया जागरूक
जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों और बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। डालसा टीम ने बताया कि किसी भी कानूनी समस्या में जरूरतमंद लोग निःशुल्क कानूनी सलाह और परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सेवा 100/112, महिला हिंसा हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध रोकथाम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी साझा की गई। टीम ने लोगों से किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन या विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की। इसके अलावा डालसा की टीम ने हलुदबनी गांव में भी जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया।























