हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी
बिंदल मॉल गोलीकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव रोड के बिंदल मॉल में उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग कांड के दो आरोपियों के साथ बुधवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ सुबह करीब 3:30 बजे सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास हुई। पुलिस के अनुसार फायरिंग कांड के मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को दिल्ली से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में प्रयुक्त हथियार को सोनारी क्षेत्र में छिपाकर रखने की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को लेकर हथियार बरामद करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची थी।
इसे भी पढ़ें : Gua : सारंडा से भटककर जगन्नाथ मंदिर पहुंचा कोटरा, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा
दिल्ली गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामदगी के लिए लाए गए थे आरोपी
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई पिस्टल बरामद कर ली गई थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर उसी हथियार से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली मोहन यादव और अजीत मंडल के पैरों में लगी, जिससे दोनों घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दोनों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : हलुदबनी स्कूल में डालसा का विधिक जागरूकता शिविर, बच्चों को दी कानून की जानकारी
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हुए दोनों शूटर
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और घटनास्थल से बरामद हथियार को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तथा घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हथियार वहां कब और किस परिस्थिति में छिपाया गया था।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : अवैध चुलाई शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर शराब जब्त
मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली जांच की कमान
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली से मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया। दोनों को इस गोलीकांड का मुख्य शूटर माना जा रहा है। अब मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के बाद पुलिस को मामले की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।























