कूला मारा, रुआम, डिग्री मोड़, कुमीमुढ़ी और शंखोंडीह सहित कई गांवों में 15 दिनों के भीतर लगेंगी स्ट्रीट लाइट, ग्रामीणों में खुशी की लहर
स्ट्रीट लाइट से ग्रामीणों की सुरक्षा और आवागमन होगा आसान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की राखा कॉपर ताम्र खदान में ठेका खनन का कार्य कर रही कंपनी साउथ ईस्ट माइनिंग लिमिटेड की पहल से राखा कॉपर और आसपास के दर्जनों गांवों की गलियां जल्द ही रोशनी से जगमगाने वाली हैं। कंपनी की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत कूला मारा, रुआम, डिग्री मोड़, कुमीमुढ़ी और शंखोंडीह सहित आसपास के कई गांवों में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले ग्रामीण इलाकों में स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल से लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से रात के समय आवागमन की परेशानी दूर होगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : चक्रवाती तूफान का गुवा में दिखा असर, सुबह से आसमान में छाए रहे घने बादल
राखा कॉपर के आसपास के गांवों में सुधरेगी बुनियादी सुविधाएं
साउथ ईस्ट माइनिंग लिमिटेड के कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि माइंस बंद होने के बाद से लंबे समय तक पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। अब कंपनी की ओर से इस समस्या को दूर करने की पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर गांवों के रास्तों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को रात में आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही अंधेरे का फायदा उठाकर होने वाली चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। कंपनी की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल खदान की कैंटीन के भोजन में मिला कीड़ा, मजदूरों में भारी आक्रोश
15 दिनों में गांवों की सड़कों पर रोशनी पहुंचाने का लक्ष्य
रुआम गांव के निवासी सूरज महतो ने कंपनी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि रात होते ही गांव की गलियां पूरी तरह अंधेरे में डूब जाती थीं। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ता था। अंधेरे के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्ट्रीट लाइट लगने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और गांवों में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा। बहरहाल, अब ग्रामीणों की नजरें कंपनी की घोषणा पर टिकी हैं। देखना होगा कि 15 दिनों में यह योजना कितनी जल्दी धरातल पर उतरती है और दर्जनों गांवों को रोशनी की सौगात मिलती है।

























