15 से 20 नवंबर तक जिले के 763 लाभुक परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ साकार
पौधा, बधाई पत्र और आवास की चाबी देकर किया गया सम्मानित
छह दिनों में 763 परिवारों को मिली पक्के आवास की सौगात
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह में जिले के 137 लाभुक परिवारों ने शुक्रवार, 20 नवंबर को अपने नवनिर्मित पक्के आवास में गृह प्रवेश किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लाभुक परिवारों को पौधा, बधाई पत्र और उनके नए आवास की चाबी भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। अपने सपनों का पक्का घर मिलने से लाभुक परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस पहल के माध्यम से आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के सरकारी प्रयासों को गति मिल रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : साउथ ईस्ट माइनिंग की स्ट्रीट लाइट से जगमगाएंगे राखा कॉपर समेत दर्जनों गांव, अंधेरे से मिलेगी मुक्ति
गृह प्रवेश सप्ताह में 137 परिवारों को मिली पक्के घर की सौगात

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 23 परिवारों ने राजनगर प्रखंड में अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया। इसके अलावा ईचागढ़ में 19, गम्हरिया में 17, नीमडीह में 16, चांडिल में 15, खरसावां में 14, कुचाई में 13, सरायकेला में 11 तथा कुकड़ू प्रखंड में 9 लाभुक परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। सभी प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लाभुकों को सम्मानित करते हुए उनके नए गृहस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। नए घर की चाबी और पौधा भेंट करने की पहल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : चक्रवाती तूफान का गुवा में दिखा असर, सुबह से आसमान में छाए रहे घने बादल
राजनगर में सबसे अधिक 23 परिवारों ने किया गृह प्रवेश
गृह प्रवेश सप्ताह के तहत जिले में आवास उपलब्ध कराने की उपलब्धि लगातार बढ़ रही है। उल्लेखनीय है कि 15 से 19 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 626 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया था। वहीं, 20 नवंबर को 137 नए आवासों में गृह प्रवेश के साथ 15 से 20 नवंबर तक जिले में कुल 763 लाभुक परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो चुका है। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित यह कार्यक्रम आवास योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन और ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
























