छुट्टी के समय दोपहर 1 से 2 बजे तक बेल्डीह क्लब-गोल्फ कोर्स रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू
अभिभावकों और शहरवासियों से सहयोग की अपील
बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल, बिष्टुपुर के प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीज ने शहरवासियों से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि स्कूल की छुट्टी के समय केवल एक घंटे होने वाली असुविधा को नजरअंदाज कर सभी नागरिकों को बच्चों की सुरक्षित आवाजाही में सहयोग करना चाहिए। स्कूल की छुट्टी के दौरान बेल्डीह क्लब और गोल्फ कोर्स रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही तथा यातायात जाम के कारण बच्चों को सड़क पार करने और स्कूल परिसर से बाहर निकलने में काफी परेशानी होती रही है। इस दौरान कई बार दुर्घटना की आशंका पैदा हुई और बच्चे बाल-बाल बचे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की पहल की है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में 108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल से आपातकालीन सेवाएं ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी
बच्चों की सुरक्षा के लिए लोयोला स्कूल ने उठाया विशेष कदम

टीएसयूआईएसएल (जुस्को) और यातायात पुलिस के सहयोग से दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत बेल्डीह क्लब और गोल्फ कोर्स के बीच की सड़क पर निर्धारित अवधि में वन-वे व्यवस्था के जरिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूल के आसपास यातायात को सुव्यवस्थित करना और छुट्टी के समय बच्चों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन के अनुसार कुछ वाहन चालक अब भी यातायात निर्देशों और निर्धारित मार्गों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों की लापरवाही से बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। प्रिंसिपल ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करें।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में 22 नवंबर को रोजगार मेला, 1200 से अधिक पदों पर मिलेगी नौकरी
दोपहर 1 से 2 बजे तक बेल्डीह क्लब-गोल्फ कोर्स रोड पर वन-वे व्यवस्था
फादर विनोद फर्नांडीज ने बच्चों की सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था का समर्थन करने वाले नागरिकों के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल किसी एक स्कूल या उसके प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। शहर के सभी नागरिकों को इस दिशा में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोयोला स्कूल की इस पहल से प्रेरित होकर अन्य शैक्षणिक संस्थान भी स्थानीय प्रशासन, यातायात पुलिस और नागरिकों के सहयोग से ऐसी व्यवस्थाएं लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी देर की असुविधा स्वीकार कर बच्चों की जान और सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिक महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से ही जमशेदपुर को बच्चों के लिए सुरक्षित शहर बनाया जा सकता है।























