18 से 50 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा रोजगार का अवसर
15 हजार से 65 हजार रुपये तक प्रस्तावित मासिक वेतन; चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को नहीं देना होगा कोई शुल्क
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 27 नवंबर 2026) के अवसर पर जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला की ओर से 22 नवंबर (रविवार) को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होगा। इसके माध्यम से सरायकेला-खरसावां सहित चाईबासा और जमशेदपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में 1200 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस रोजगार मेले का उद्देश्य जिले और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ना तथा उन्हें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी का अवसर उपलब्ध कराना है। जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री आशा मैक्सीमा लाकड़ा ने बताया कि मेले में नए और अनुभवी दोनों तरह के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इसके लिए इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि और समय पर अपने बायोडाटा के साथ उपस्थित होना होगा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला जिले में 137 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
सरायकेला में युवाओं को रोजगार देने के लिए विशेष पहल
रोजगार मेले में 18 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक संस्थान भाग लेंगे। इनमें रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, छवि कंस्ट्रक्शन, अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, पूर्णिमा नेत्रालय, जय सस्पेंशन, बीके स्टील इंडस्ट्रीज लिमिटेड, श्रीउन्नत मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, टाटा स्टील फाउंडेशन, ब्रावो सिक्योरिटी, संजीव रमन सिक्योरिटी एजेंसी, मागवास मशीन प्रोटेक्शन, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड, ज्ञानचंद इंजीनियरिंग और यूनिक सॉल्यूशन सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। इन कंपनियों के माध्यम से विभिन्न तकनीकी, गैर-तकनीकी, प्रशासनिक, सुरक्षा और सेवा क्षेत्र के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कार्यानुभव रखने वाले युवाओं को अपनी क्षमता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : साउथ ईस्ट माइनिंग की स्ट्रीट लाइट से जगमगाएंगे राखा कॉपर समेत दर्जनों गांव, अंधेरे से मिलेगी मुक्ति
18 से अधिक कंपनियां रोजगार मेले में करेंगी शिरकत
रोजगार मेले में डीआरआई फिटर, सीनियर इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, गैस कटर, सीएनसी ऑपरेटर, सीएमएम ऑपरेटर एवं प्रोग्रामर, ऑटोमोबाइल तकनीशियन, सर्विस सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, अकाउंटेंट, कैशियर, केमिस्ट, सेफ्टी ऑफिसर, क्वालिटी असिस्टेंट, नर्स, ड्राइवर, रिसेप्शनिस्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, लैब ट्रेनी, सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर तथा ऑटोकैड डिजाइनर सहित कई पदों पर नियुक्ति होगी। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों की ओर से पद और योग्यता के अनुसार 15,000 रुपये से 65,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उम्मीदवारों को निःशुल्क बस सेवा, कैंटीन सुविधा, पीएफ, ईएसआईसी, इंसेंटिव और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा दसवीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयु सीमा 18 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : चक्रवाती तूफान का गुवा में दिखा असर, सुबह से आसमान में छाए रहे घने बादल
15 हजार से 65 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लाकड़ा ने जिले के सभी योग्य बेरोजगार युवक-युवतियों से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे अपने बायोडाटा के साथ जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय अवधि में जिला नियोजनालय, सरायकेला-खरसावां से संपर्क कर सकते हैं। खास बात यह है कि रोजगार मेले की संपूर्ण चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन, पंजीकरण अथवा चयन के नाम पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। विभाग ने युवाओं से किसी भी प्रकार के शुल्क की मांग करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहने और रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।