रेड क्रॉस भवन साकची में होगा अभ्यास
हवाई हमले की चेतावनी से लेकर बचाव एवं चिकित्सा सहायता तक परखा जाएगा आपातकालीन तंत्र
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सिविल डिफेंस जमशेदपुर की ओर से आगामी 26 नवंबर को एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों और सफल संचालन को लेकर जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित मॉक ड्रिल की रूपरेखा, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। मॉक ड्रिल का आयोजन साकची स्थित रेड क्रॉस भवन परिसर में किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि सेंट्रल आरसीडीसी, कोलकाता से संभावित हवाई हमले की सूचना प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयर रेड चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Manoharur : हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, गुड्स ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
26 नवंबर को जमशेदपुर में होगा आपातकालीन सुरक्षा अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू टीम की तत्परता, घायलों का बचाव, चिकित्सा सहायता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेस्क्यू टीम के मूवमेंट, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और बचाव कार्यों की कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही मॉक ड्रिल के दौरान शेल्टर हाउस के रूप में निर्मल भवन को चिह्नित किया गया है। यहां आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : लोयोला प्रिंसिपल की भावुक अपील, बच्चों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का करें पालन
निर्मल भवन को बनाया जाएगा मॉक ड्रिल के दौरान शेल्टर हाउस
इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता रहेगी। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना, बचाव और राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा विभिन्न एजेंसियों की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना है। इसके माध्यम से यह भी देखा जाएगा कि आपात स्थिति में चेतावनी मिलने के बाद संबंधित टीमें कितनी तेजी और समन्वय के साथ कार्रवाई करती हैं। बैठक में एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीएम एसओआर, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक, सिविल डिफेंस के पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
























