वन विभाग ने महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराईं 15 सिलाई मशीनें
बिहार की दो प्रशिक्षिकाएं देंगी हुनरमंद बनने का प्रशिक्षण
स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनेंगी ग्रामीण महिलाएं
हुनर सीखकर आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी गुवा की महिलाएं
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी की पहल रंग लाई है। उनके लगातार प्रयास और मांग पर वन विभाग गुवा की ओर से गुवा पूर्वी पंचायत भवन में सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। इस केंद्र का संचालन लगभग एक माह पूर्व ही शुरू हो चुका है। प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को सिलाई का हुनर सिखाने के लिए वन विभाग ने 15 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई हैं। इन मशीनों का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी और पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में NH-49 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल युवक की मौत
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू हुआ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र

प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को बेहतर एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से बिहार से दो अनुभवी महिला प्रशिक्षिकाओं श्वेता कुमारी और माला तिवारी को बुलाया गया है। दोनों प्रशिक्षिकाएं महिलाओं को सिलाई-कटाई की बारीकियां सिखा रही हैं। इसके माध्यम से महिलाएं कपड़ों की सिलाई, कटिंग और अन्य जरूरी हुनर सीखकर भविष्य में अपना स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं घर बैठे सिलाई का काम कर अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि वे परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में भी सहयोग कर सकेंगी। प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : झारखंड में एससी दर्जा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर दंडक्षत्र माझी समाज ने की बैठक
15 सिलाई मशीनों से महिलाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर
इस संबंध में बताया गया कि जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी लंबे समय से वन विभाग गुवा के अधिकारियों से क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग कर रही थीं। उनकी पहल और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को देखते हुए वन विभाग ने सकारात्मक कदम उठाते हुए 15 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराईं। इस पहल को ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर बाल अधिकार मंच की पदमा केसरी, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, अनुराधा राव सहित विभिन्न महिला समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
























