साउथ-वेस्ट माइनिंग लिमिटेड ने ग्रामीणों की 12 सूत्री मांगों पर लगाई मुहर
जनवरी तक 20 विस्थापितों को मिलेगा नियोजन
कंपनी का दावा- डेढ़ साल में 1077 लोगों को मिलेगा स्थायी रोजगार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की राखा ताम्र खदान को दोबारा चालू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। आगामी 28 नवंबर को शंखोंडीह स्कूल मैदान में प्रस्तावित पर्यावरणीय जनसुनवाई को रोआम ग्रामसभा ने समर्थन देने का ऐलान किया है। इसको लेकर शनिवार को ग्रामीणों, महिलाओं और ठेका कंपनी साउथ-वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के प्रबंधन के बीच वार्ता आयोजित की गई। बैठक में कंपनी के लीगल अधिकारी अभिराम कुमार ने विस्थापित परिवारों और ग्रामीणों की 12 सूत्री मांगों पर सहमति जताई। इनमें 57 विस्थापितों एवं उनके आश्रितों को रोजगार देने का मुद्दा प्रमुख रहा। कंपनी की ओर से लिखित आश्वासन मिलने और जनवरी तक पहले चरण में 20 विस्थापितों सहित अन्य लोगों को नियोजन देने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों ने खदान खोलने तथा जनसुनवाई का समर्थन करने का निर्णय लिया। ग्रामसभा के समर्थन से कंपनी प्रबंधन में भी उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला में 47 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
28 नवंबर की जनसुनवाई से पहले ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच बनी सहमति
बैठक के बाद साउथ-वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के लीगल अधिकारी अभिराम कुमार ने बताया कि राखा कॉपर खदान में अगले डेढ़ से दो वर्षों के भीतर कुल 1077 लोगों को स्थायी रूप से रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। खदान के दोबारा शुरू होने पर प्रतिमाह लगभग 10 हजार मीट्रिक टन तांबा अयस्क उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी ग्रामीणों की मांगों और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि विस्थापित परिवारों को रोजगार और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होने से क्षेत्र में विकास के नए अवसर पैदा होंगे। जनसुनवाई के समर्थन को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला रोजगार मेले में 311 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 15 को मौके पर मिला ऑफर लेटर
राखा खदान में 1077 लोगों को स्थायी रोजगार देने का कंपनी ने किया दावा
गौरतलब है कि भारत सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड ने वर्ष 2001 में राखा ताम्र खदान को बंद कर दिया था। उस समय खदान में कार्यरत 701 कर्मचारियों से सामूहिक रूप से इस्तीफा ले लिया गया था। इसके बाद से क्षेत्र में खदान के दोबारा खुलने और रोजगार के अवसर बहाल होने की उम्मीद बनी हुई थी। अब करीब 25 वर्षों बाद हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड ठेका कंपनी साउथ-वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के माध्यम से राखा ताम्र खदान को फिर से चालू करने की तैयारी में है। इसी प्रक्रिया के तहत 28 नवंबर को पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। रोआम ग्रामसभा की आमसभा में मिले समर्थन को खदान के पुनः संचालन की दिशा में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा खदान के सफाई कर्मियों ने स्थायीकरण की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी
2001 में बंद हुई राखा ताम्र खदान को दोबारा चालू करने की तैयारी
इस अवसर पर रोआम ग्रामसभा की ओर से तपन कर्मकार, विकास हेंब्रम, प्रतिमा सोरेन, राजेश महतो, राज उपाध्याय महतो, बिरसा महतो, बबलू महतो, हरिहर महतो, महेंद्र महतो, विमल कालिंदी और दीपक कर्मकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं कंपनी की ओर से राजस्थान से आए लीगल अधिकारी अभिराम कुमार, एचआर हेड अभय कुमार पांडेय, एचआर अधिकारी अभिषेक कुमार तथा सीएसआर अधिकारी अनीता ने बैठक में भाग लिया। ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई सहमति के बाद अब सभी की निगाहें 28 नवंबर को होने वाली जनसुनवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि खदान दोबारा शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और विकास को नई गति मिलेगी।
























