कीर्तन, गुरु दरबार और कथा से भक्तिमय हुआ गुरुद्वारा परिसर
श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर ग्रहण किया गुरु का अटूट लंगर
गुवा में प्रकाशोत्सव पर सेवा और भाईचारे की दिखी मिसाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित गुरुद्वारा में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरे गुरुद्वारा परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा के ग्रंथी दिलबाग सिंह ने विधिवत गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया। इसके बाद कीर्तन, गुरु दरबार और कथा का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत और गुरुवाणी से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक आयोजन में गुवा सहित आसपास के क्षेत्रों से सिख समुदाय के लोगों के अलावा अन्य धर्मों के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला-खरसावां में 49 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
गुरु का अटूट लंगर बना आपसी भाईचारे और समानता का प्रतीक
प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें सभी धर्मों और समुदायों के श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रेमपूर्वक प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन उनके आदर्शों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में प्रेम, समानता, भाईचारे, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया था। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में भेदभाव मिटाने और आपसी एकता को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है। कमेटी ने श्रद्धालुओं से गुरु जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर के तरतरा में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया 12 वर्षीय किशोर, गंभीर रूप से झुलसा
गुवा सेल के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
कार्यक्रम में दिलबाग सिंह, कमलजीत सिंह, पुनीत सिंह, सुमित सिंह, मुकुंद बोसा, इकबाल सिंह, शीतल सिंह और इंद्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं, गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, आरके सिन्हा, डॉ. सरकार, डॉ. टीसी आनंद एवं आरके बंगा ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर प्रकाशोत्सव में भाग लिया और गुरु नानक देव जी के समक्ष मत्था टेका। सभी ने इस पावन अवसर पर गुरु जी के बताए मानवता, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का सुंदर वातावरण देखने को मिला।























