मानुषमुड़िया और वार्णीपाल समेत विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कागज की नाव में दीप जलाकर नदी में किया प्रवाहित
कागज की नाव में दीप जलाकर नदी में किया प्रवाहित
पंचेक पूजा में कागज की नाव और दीपदान की निभाई गई परंपरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मानुषमुड़िया, वार्णीपाल सहित स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न घाटों पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ पंचेक पूजा संपन्न की। मंगलवार को सूर्योदय से पहले ही गांवों की दर्जनों महिलाएं पूजा की सामग्री लेकर नदी घाटों पर पहुंचीं। महिलाओं ने बताया कि पंचेक पूजा की परंपरा के तहत लगातार तीन दिनों तक सुबह उपवास रखकर घर के तुलसी मंच पर घी से तैयार भोग अर्पित किया जाता है। पूजा के बाद इस भोग को परिवार के सभी सदस्य प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं। इस तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन कार्तिक पूर्णिमा की सुबह विशेष पूजा के साथ किया जाता है। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Muri : वीर बुली महतो की 241वीं जयंती में शामिल होंगे राज्यपाल संतोष गंगवार, सोनाहातू में होगा भव्य आयोजन
कार्तिक पूर्णिमा पर स्वर्णरेखा नदी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पंचेक पूजा की परंपरा के अनुसार अनुष्ठान के अंतिम दिन महिलाएं सूर्योदय से पहले कागज की नाव तैयार करती हैं। इसमें छोटा दीप जलाकर नदी की बहती धारा में प्रवाहित किया जाता है। इसके साथ ही नदी तट की बालू से शिवलिंग का निर्माण कर उसकी पांच बार परिक्रमा की जाती है तथा भगवान शिव को पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वर्णरेखा नदी में आस्था की पवित्र डुबकी लगाई। स्नान के बाद विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की गई। पूरे क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिलाओं ने पारंपरिक पूजा-अनुष्ठान के माध्यम से अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया।























