निक्षय मित्र पहल के तहत प्रोजेक्ट जागृति ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
मरीजों को नियमित दवा सेवन और पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक
टीबी उन्मूलन के लिए दवा के साथ पौष्टिक आहार और जागरूकता जरूरी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने और टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनोहरपुर में पोषाहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रोजेक्ट जागृति के अंतर्गत निक्षय मित्र पहल के माध्यम से छह टीबी मरीजों के बीच पोषाहार किट का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहयोग करना है। निक्षय मित्र पहल के तहत मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी ली गई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : कार्तिक पूर्णिमा पर स्वर्णरेखा नदी के घाटों पर महिलाओं ने श्रद्धा के साथ की पंचेक पूजा
निक्षय मित्र पहल से टीबी मरीजों को मिल रही पोषण संबंधी सहायता
कार्यक्रम के दौरान सीएचसी मनोहरपुर के प्रभारी डॉ. अनिल कुमार, हरविंद्र कुमार, संजय महतो सहित स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मरीजों को नियमित रूप से दवा सेवन करने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई में केवल दवाइयां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मरीजों को उचित पोषण, देखभाल और मानसिक संबल देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र पहल टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करने की दिशा में सराहनीय कदम है। सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।























