झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
बाहरी कंपनी को सभी कार्य सौंपने की संभावित तैयारी का विरोध
स्थानीय ठेकेदारों, वाहन मालिकों और बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देने की उठाई मांग
स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो सारंडा में आंदोलन की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : लंबे समय से बंद पड़ी टाटा स्टील की विजय टू लौह अयस्क खदान को दोबारा शुरू करने की चर्चाओं के बीच ठेका संचालन को लेकर विवाद गहराने लगा है। खदान के पुनः संचालन से सारंडा क्षेत्र के लोगों में रोजगार और आर्थिक विकास की उम्मीद जगी है, लेकिन ठेका व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि खदान के संचालन, ट्रांसपोर्टिंग, लौह अयस्क की ढुलाई और अन्य कार्यों का जिम्मा स्थानीय ठेकेदारों एवं वेंडरों को देने के बजाय एक ही बाहरी कंपनी को सौंपने की संभावित तैयारी की जा रही है। इसको लेकर स्थानीय ठेकेदारों, वाहन मालिकों, बेरोजगार युवाओं और छोटे कारोबारियों में नाराजगी है। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने इस संभावित व्यवस्था का विरोध करते हुए स्पष्ट किया है कि खदान के पुनः संचालन में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। संघ का कहना है कि यदि स्थानीय लोगों को ही रोजगार और व्यवसाय से वंचित रखा गया तो खदान खुलने का वास्तविक लाभ क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल पाएगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल में चोरों का आतंक, भर्ती मरीज का मोबाइल चोरी; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विजय टू खदान खुलने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की जगी उम्मीद
इस मामले पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने कहा कि विजय टू खदान का दोबारा संचालन सारंडा क्षेत्र के विकास और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि खदान से जुड़े सभी कार्यों में स्थानीय लोगों को उचित भागीदारी मिले। उन्होंने कहा कि पूर्व में खदान के अलग-अलग कार्य स्थानीय ठेकेदारों और वेंडरों के माध्यम से कराए जाते थे। इससे क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय का एक मजबूत नेटवर्क बना हुआ था। ट्रांसपोर्टिंग, मजदूरों की नियुक्ति, वाहनों के परिचालन और अन्य कार्यों के माध्यम से स्थानीय वाहन मालिकों, चालकों, श्रमिकों तथा छोटे कारोबारियों को नियमित आर्थिक लाभ मिलता था। इससे न केवल कई परिवारों की आजीविका चलती थी, बल्कि क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती थी। रामा पाण्डे ने कहा कि यदि सभी कार्य एक ही बाहरी कंपनी को सौंप दिए गए तो स्थानीय लोगों के सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। इसलिए ठेका व्यवस्था में स्थानीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में छह टीबी मरीजों के बीच पोषाहार किट का वितरण
बाहरी कंपनी को ठेका देने की संभावित तैयारी से स्थानीय ठेकेदारों में नाराजगी
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने मांग की कि विजय टू खदान के पुनः संचालन के दौरान स्थानीय ठेकेदारों और वेंडरों को कार्यों में उचित अवसर दिया जाए। इसके साथ ही स्थानीय वाहन मालिकों के वाहनों को ट्रांसपोर्टिंग एवं ढुलाई कार्यों में प्राथमिकता मिले तथा योग्यतानुसार बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि खदान के विकास का लाभ केवल किसी एक कंपनी या बाहरी ठेकेदार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका फायदा सारंडा क्षेत्र के ग्रामीणों, मजदूरों, युवाओं और स्थानीय व्यवसायियों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठेका व्यवस्था का केंद्रीकरण कर स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी की गई तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ चुप नहीं बैठेगा। संघ ग्रामीणों, बेरोजगार युवाओं, मजदूरों, वाहन मालिकों और छोटे कारोबारियों को एकजुट कर व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा। अब इस मामले में टाटा स्टील प्रबंधन की भूमिका और स्थानीय लोगों की मांगों पर उसके रुख को लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं।























