जोन्हा-पुरबडीह-गोला मार्ग के बरहाकोचा के पास हुआ हादसा
दुर्घटना के बाद चालक फरार, पुलिस ने हाईवा जब्त कर शुरू की जांच
सड़क हादसे में युवक की मौत से परिवार में पसरा मातम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : जोन्हा-पुरबडीह-गोला मार्ग पर सुरसू घाटी के बरहाकोचा के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा सड़क किनारे स्थित गड्ढे में पलट गया। हादसे में हाईवा पर सवार चोकोरबेड़ा (कोरांबे) निवासी मंगरू बेदिया की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर हाईवा जोन्हा-पुरबडीह मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सुरसू घाटी के बरहाकोचा के समीप चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते तेज रफ्तार हाईवा सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पर सवार मंगरू बेदिया को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : विजय टू खदान के ठेका संचालन में स्थानीय लोगों की भागीदारी की मांग
सुरसू घाटी में हाईवा दुर्घटना, वाहन पलटने से युवक की गई जान
घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों से हादसे की सूचना मिलने पर सिकिदिरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, इलाके में भी मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घाटी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई है।























