- हेमंत सरकार को बताया लुटेरी, जनता से कमल छाप पर वोट देकर बदलाव लाने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गर्मी बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेंदलजूड़ी और बनकाटी पंचायतों में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले छह साल में झारखंड में विकास की जगह लूट का तंत्र खड़ा हो गया है। मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनके मंत्री, विधायक और अफसरों ने मिलकर राज्य की संपत्ति को व्यक्तिगत लाभ और कमीशनबाजी के जरिये हड़प लिया। उन्होंने कहा कि गाँवों की नदियों और घाटों की बालू तक सरकार ने छीन ली है। पहले बालू का अधिकार ग्रामसभा और पंचायतों के पास हुआ करता था, लेकिन अब इसे बड़े ठेकेदारों को सौंप दिया गया है। इसके कारण बालू के दाम आसमान छू रहे हैं और आम जनता घर बनाने जैसे साधारण काम के लिए भी परेशान है। मरांडी ने कहा कि यह सरकार जनता की नहीं, दलालों और ठेकेदारों की है, इसलिए अब समय आ गया है कि जनता कमल छाप पर मतदान करके झारखंड को लुटेरों से मुक्त कराए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला उपचुनाव में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांगा समर्थन, तीर-धनुष चिन्ह पर वोट देने की अपील
“युवाओं के सपनों को तोड़ा गया, रोजगार के नाम पर छल हुआ” – नवीन जायसवाल
कार्यक्रम में हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने हेमंत सरकार पर युवाओं को छलने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर साल पाँच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन छह साल में ऐसा कोई परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपने वादे के प्रति सच्ची होती तो अब तक कम से कम 30 लाख युवाओं को रोजगार मिल जाना चाहिए था, लेकिन वास्तविकता यह है कि हजारों परीक्षाएँ रद्द हुईं, नियुक्तियों पर रोक लगी रही और बेरोजगारी भत्ता के नाम पर सिर्फ़ कागजी घोषणा हुई। जायसवाल ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में भी करोड़ों का घोटाला किया गया, जिससे युवा खुद को ठगा और अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि झारखंड का युवा अब पूरी तरह जाग चुका है और वह इस उपचुनाव के माध्यम से हेमंत सरकार को साफ संदेश देगा कि झूठ और भ्रष्टाचार का अंत होना ही चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : झामुमो ने विकास नहीं किया, जनता को ठगा – लंबोदर महतो
भाजपा ने एकजुटता दिखाई, घाटशिला से बदलाव की हुंकार
सम्मेलन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए आगामी मतदान में “कमल फुल” छाप को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया। मंच पर विधायक नवीन जायसवाल, बड़कुंवार गगराई, बंगाल के विधायक महेश्वर महतो सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने दावा किया कि घाटशिला उपचुनाव राज्य की राजनीति की दिशा बदलने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि यहां से उठी आवाज पूरे झारखंड में जाएगी और जनता यह फैसला करेगी कि झूठे वादों और भ्रष्टाचार की राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की कि वे विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा को मौका दें और झारखंड में कमल खिलाकर नया अध्याय शुरू करें।
























