विधायक समीर मोहंती ने किसानों और ग्रामीणों को दी दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए बुधवार को विधायक Sameer Mohanty ने पाथरी और मौदा पंचायत में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। पाथरी गांव में पुराने लैम्पस भवन के समीप सहकारी विकास परियोजना के तहत 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक गोदाम गृह के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर विधायक ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और कहा कि किसानों तथा छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में लैम्पस को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे कृषि उत्पादों के भंडारण और विपणन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसे भी पढ़ें : Potka : दो साल से अधूरी पड़ी 10.19 करोड़ की सड़क, ग्रामीणों ने मुख्य सचिव से लगाई गुहार
मौदा पंचायत में नई संपर्क सड़क से बढ़ेगी ग्रामीणों की सुविधा
इसी क्रम में विधायक ने मौदा पंचायत में विधायक निधि से बनने वाली नई संपर्क सड़क का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा और गांवों के बीच संपर्क बेहतर बनेगा। एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की शुरुआत होने से पाथरी और मौदा पंचायत के लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मदन मन्ना, आसित मिश्रा, मिंटू पाल, मुन्ना होता, रिंकू माईति, यदुपति राणा, राजीव लेंका और कान्हु बेरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। लोगों ने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।



























