विधायक समीर कुमार मोहंती ने ग्रामीणों के हाथों कराया शुभारंभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र के केसरदा और कालापाथर के बीच स्थित जामबनी नाला पर बहुप्रतीक्षित पुलिया निर्माण कार्य का बुधवार दोपहर विधिवत शिलान्यास किया गया। विधायक कुमार समीर मोहंती ने अनाबद्ध निधि से स्वीकृत इस योजना का शुभारंभ स्थानीय ग्रामीणों के हाथों नारियल फोड़वाकर कराया, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। लंबे समय से इस पुलिया की मांग की जा रही थी, जिसके पूरा होने से गांवों के बीच संपर्क और भी मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : Potka : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर पोटका में भव्य स्वागत, देवी कुमारी भूमिज ने बांटी मिठाई
71 लाख की लागत से होगा निर्माण, आवागमन होगा आसान
इस परियोजना की कुल लागत ₹71,36,434 निर्धारित की गई है और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मां शेरावाली इंफ्रा कॉम प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। पुलिया और गार्डवाल बनने से बरसात के दिनों में होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत मिलेगी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। विधायक मोहंती ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इस तरह की योजनाएं लगातार लाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल सके। इस मौके पर असित मिश्रा, गुरुचरण मांडी, मुन्ना होता, रासबिहारी साव, सुमित माईती, यदुपति राणा और निगम उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























