पोटका चौक पर नारों और आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पोटका लौटने पर मुखिया सह भाजपा नेत्री देवी कुमारी भूमिज का जोरदार स्वागत किया गया। पोटका चौक पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्री राम के गगनभेदी नारों के बीच उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पटाखों की आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। देवी कुमारी भूमिज ने सभी को बंगाल का प्रसिद्ध रसगुल्ला और झाड़ग्राम की विशेष झालमुड़ी खिलाकर जीत की खुशियां साझा कीं। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
इसे भी पढ़ें : Jagnathpur : जगन्नाथपुर में चार सड़कों का शिलान्यास, विकास कार्यों से ग्रामीणों में उत्साह
बलरामपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी की बड़ी जीत का जश्न
बताया गया कि देवी कुमारी भूमिज को पश्चिम बंगाल के बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवासी प्रभारी बनाकर भेजा गया था, जहां भाजपा प्रत्याशी जलधर महतो ने 35 हजार से अधिक मतों से शानदार जीत हासिल की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह जीत वर्षों के संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का परिणाम है। कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और नेतृत्व की मजबूत रणनीति ने इस सफलता को संभव बनाया। उन्होंने इसे सिर्फ चुनावी जीत नहीं बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुटता का संदेश दिया।


























