बूथ स्तर पर वोटरों के नाम सुरक्षित रखने और तकनीकी प्रशिक्षण पर दिया गया जोर
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र के नेताजी सुभाष शिशु उद्यान परिसर में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को लेकर पार्टी की रणनीति तय करना और कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक समीर मोहंती ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंता का विषय है, इसलिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : दिल्ली एम्स की टीम पहुंची पोटका, मिर्गी मरीजों की जांच कर बांटी गई दवाइयां
मतदाता सूची पुनरीक्षण में झामुमो ने बढ़ाई संगठनात्मक सक्रियता
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बूथ स्तर पर विशेष निगरानी रखें, खासकर ग्रामीण और प्रवासी मजदूर वर्ग के मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी त्रुटियों या विपक्षी साजिशों के कारण गरीब और ग्रामीण मतदाताओं के नाम सूची से हट जाते हैं, जिससे उनके मतदान अधिकार प्रभावित होते हैं। इसे रोकने के लिए पार्टी द्वारा योग्य कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे ऑनलाइन पोर्टल और दस्तावेजी प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ सकें। बैठक के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।























