जगन्नाथ मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खामार, लाऊडोंका, मानुषमुड़िया, पांचरूलिया, पारुलिया, मौदा तथा बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर समेत कई गांवों में सोमवार को देव स्नान पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समितियों के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सुबह से ही धार्मिक वातावरण बना रहा। पुजारी तपन त्रिपाठी एवं सौरभ मिश्रा के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रहों को गर्भगृह से बाहर लाकर भक्तों के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई। वर्ष में केवल एक बार मिलने वाले इस दुर्लभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान को चंदन, पुष्प, तुलसी पत्र और सुवासित तेल अर्पित कर पवित्र सुगंधित जल से स्नान कराया।
इसे भी पढ़ें : Dampada : टूटे पुल पर ह्यूम पाइप लगने से बहाल हुआ आवागमन, दामपाड़ा-बरड़ीह के ग्रामीणों को मिली राहत
गजानन वेश के दर्शन को मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शाम होते ही मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा, जब भगवान जगन्नाथ ने अलौकिक ‘गजानन वेश’ धारण कर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। भगवान के हाथी स्वरूप के दर्शन के लिए दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी। भक्तों ने भजन-कीर्तन, आरती और जयघोष के बीच भगवान से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में तपन साहू, असीस मिश्रा, अनिल साहू, पागलु साहू, तरुण साहू, सुजीत गिरी, नीलेश दास तथा अर्जुन महंती सहित मंदिर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महोत्सव के दौरान क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।


























