बहरागोड़ा क्षेत्र में लगातार सड़क हादसों से लोगों में आक्रोश, ‘किलर हाईवे’ बनने का आरोप
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के माटिहाना में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बीती रात एक भयावह सड़क हादसा सामने आया। सड़क किनारे चल रहे लगभग 45 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग सहम उठे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एक मई को मजदूरों का होगा उलगुलान, साकची आमबगान से निकलेगी विशाल रैली
हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अप्रैल 2026 का महीना बहरागोड़ा और आसपास के इलाकों के लिए बेहद अशुभ साबित हो रहा है। पिछले 28 दिनों के भीतर NH-18 और NH-49 पर लगातार तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, यदि बरसोल थाना क्षेत्र की घटनाओं को भी जोड़ा जाए, तो कुल मृतकों की संख्या पांच तक पहुंच चुकी है। इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब इन राष्ट्रीय राजमार्गों को ‘किलर हाईवे’ कहने लगे हैं, जहां हर दिन जान जाने का खतरा बना रहता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : NEET (UG)-2026 परीक्षा 3 मई को, 4231 परीक्षार्थी होंगे शामिल
एक महीने में बढ़ते हादसों का डरावना आंकड़ा
स्थानीय ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर न तो पर्याप्त संकेतक हैं और न ही गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए गए हैं। अब लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन और एनएचएआई तत्काल हस्तक्षेप कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करे और सख्त सुरक्षा उपाय लागू करे, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।























