चार दिन तक चला इलाज, बारीपदा अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
युवक की मौत से गांव में छाया शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मांगरोसोल गांव निवासी टिपसू हेब्रम (28) की सांप के डंसने से इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना चार दिन पहले की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिपसू हेब्रम अपने घर के आसपास साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक सांप पर अनजाने में उनका पैर पड़ गया, जिससे सांप ने उन्हें डंस लिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बारीपदा अस्पताल रेफर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Muri : हाकेदाग में 55 लाख की लागत से स्वास्थ्य उपकेन्द्र का शिलान्यास
प्राथमिक उपचार के बाद बारीपदा अस्पताल किया गया था रेफर
परिजनों के अनुसार, बारीपदा अस्पताल में इलाज के दौरान टिपसू हेब्रम की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा था। हालांकि गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही मांगरोसोल गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। गांव में पूरे दिन मातमी माहौल बना रहा और लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


























