देर रात घर में सोने के दौरान विषैले सांप ने काटा, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगारडीहा गांव में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में 49 वर्षीय बेलमाई सुंडी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। बताया गया कि सोमवार देर रात बेलमाई सुंडी अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उन्हें काट लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू में नशा मुक्ति अभियान के तहत रात्रि चौपाल, ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
दर्द और जलन की शिकायत के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतका की बहू संगीता सोय ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसकी सास ने उसे आवाज देकर पैर में तेज दर्द और जलन की शिकायत की थी। शुरुआत में उसने इसे सामान्य परेशानी समझकर पैरों की मालिश की, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर होने लगी। शरीर में बेचैनी, कमजोरी और अन्य लक्षण तेजी से बढ़ने लगे। स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी और सभी की मदद से बेलमाई सुंडी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया।
इसे भी पढ़ें : Muri : बिजली संकट के खिलाफ आंदोलन तेज, 28 जून को सब स्टेशन में तालाबंदी का ऐलान
इलाज के दौरान मौत, लोगों से सतर्क रहने की अपील
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक सांप का जहर शरीर में फैल चुका था। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और जान बचाई जा सके।
























